पुरानी रंजिश में फिर बवाल: साकेत नगर में देर रात मारपीट, युवक का सिर फटा
साकेत नगर क्षेत्र में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच एक बार फिर हिंसक झड़प हो गई। घटना में ऋषभ सिंह राजपूत घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हमले में उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पिछले कई महीनों से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों गुटों के बीच आए दिन मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों की ओर से सोशल मीडिया पर लाइव आकर कथित हवाई फायरिंग के वीडियो भी वायरल हुए थे, जिसके बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ था।
![]() |
| विज्ञापन |
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार देर रात ऋषभ सिंह राजपूत अपने कुछ साथियों के साथ साकेत नगर निवासी अनिकेत राय के घर पहुंचा था। दावा किया जा रहा है कि वह अनिकेत पर हमला करने की नीयत से वहां गया था। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अनिकेत राय और उसके साथियों ने भी जवाबी हमला किया, जिसमें ऋषभ सिंह राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं, घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ स्थानीय लोग पुलिस से घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि अनिकेत राय साकेत नगर का स्थानीय निवासी है। ऐसे में क्षेत्र में यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि वह स्थानीय निवासी है, तो वीडियो में स्थानीय लोग पुलिस से उसे भी पुलिस वाहन में बैठाकर ले जाने की मांग क्यों कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
पुरानी रंजिश में फिर बवाल: साकेत नगर में देर रात मारपीट, युवक का सिर फटा#TheVaranasiNews #Varanasi #VaranasiNews@Uppolice @varanasipolice pic.twitter.com/XpH4Qh553z
— The Varanasi News (@thevaranasinews) August 2, 2026
बताया जा रहा है कि ऋषभ सिंह राजपूत का भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। वहीं, दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों की भी आपराधिक पृष्ठभूमि होने की चर्चा है। पुलिस दोनों पक्षों के आपराधिक रिकॉर्ड और घटना के कारणों की जांच कर रही है।
![]() |
| विज्ञापन |
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं और देर रात हुई इस मारपीट के बाद क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त (पेट्रोलिंग) पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इलाके में प्रभावी पुलिस गश्त होती, तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था।
खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस के किसी अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



