gnews नदेसर में जुआरियों को संरक्षण दे रहे थे चौकी इंचार्ज समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित: CP की टीम ने 4 आरोपी दबोचे, 3 नोट गिनने की मशीनें बरामद - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

नदेसर में जुआरियों को संरक्षण दे रहे थे चौकी इंचार्ज समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित: CP की टीम ने 4 आरोपी दबोचे, 3 नोट गिनने की मशीनें बरामद

कैंट थाना क्षेत्र में लंबे समय से खुलेआम संचालित हो रहे अवैध जुए के फड़ पर आखिरकार पुलिस ने मंगलवार रात बड़ी कार्रवाई की। पुलिस आयुक्त को लगातार मिल रही शिकायतों और जनता के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बाद वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने मिन्ट हाउस तिराहे के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से चार जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बड़े दांव लगाने वाले कई लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए।

विज्ञापन
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 21 हजार रुपये नकद, नोट गिनने की तीन मशीनें तथा ताश की 10 नई गड्डियां बरामद कीं। बरामद नोट गिनने की मशीनों से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां लंबे समय से बड़े स्तर पर लाखों रुपये का जुआ संचालित किया जा रहा था।


जांच में सामने आया कि उक्त स्थान पर काफी समय से अवैध जुए का संचालन हो रहा था, लेकिन स्थानीय पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इतना ही नहीं, इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी समय रहते कोई सूचना नहीं दी गई। जांच रिपोर्ट में इसे ड्यूटी के प्रति गंभीर लापरवाही और पदीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता माना गया।


प्रारंभिक जांच में लापरवाही पाए जाने पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नदेसर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुमित पाण्डेय, हल्का प्रभारी उप निरीक्षक लल्लन यादव तथा मुख्य आरक्षी शनि विश्वकर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही कैंट थाना प्रभारी की भूमिका की भी अलग से विभागीय जांच कराई जा रही है।

विज्ञापन
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि संबंधित स्थान पर लंबे समय से जुए का फड़ संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


पुलिस आयुक्त ने इस पूरे मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यदि किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि कमिश्नरेट वाराणसी में जुआ, सट्टा, संगठित अपराध और अन्य अवैध गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। यदि किसी भी स्तर पर पुलिसकर्मियों की लापरवाही, संरक्षण या मिलीभगत की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।