सावन के सोमवार कांवड़ियों की राह में रोड़ा बना टकसाल सिनेमा का मलबा, नदेसर में सड़क पर बिखरा मलबा
कल सावन का सोमवार है और काशी में बड़ी संख्या में कांवड़ियों व श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी बीच नदेसर क्षेत्र में स्थित टकसाल सिनेमा हॉल को हटाने का काम पिछले कुछ दिनों से चल रहा है। सिनेमा हॉल से निकलने वाले मलबे को वाहनों के जरिए ले जाने के दौरान उड़ने वाली धूल-मिट्टी और गिट्टी सड़क पर गिरती गई, जो अब सड़क पर मोटी परत के रूप में जम गई है।
![]() |
| विज्ञापन |
सावन के सोमवार कांवड़ियों की राह में रोड़ा बना टकसाल सिनेमा का मलबा, नदेसर में सड़क पर बिखरा मलबा#TheVaranasiNews #Varanasi #VaranasiNews@deo_varanasi @CMOfficeUP pic.twitter.com/VXVJieFJRw
— The Varanasi News (@thevaranasinews) August 9, 2026
मौके की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सड़क पर जमा मिट्टी और मलबे के बीच से कांवड़िए गुजर रहे हैं। पैरों के नीचे गिट्टी और मलबा होने के कारण उन्हें संभलकर चलना पड़ रहा है। इससे पैरों में चोट लगने और फिसलने का खतरा भी बना हुआ है।
सिर्फ सड़क ही नहीं, डिवाइडर पर भी मलबा ले जाने के दौरान निकली धूल-मिट्टी और गंदगी जमा है। इससे नदेसर का यह व्यस्त इलाका अव्यवस्थित नजर आ रहा है।
![]() |
| विज्ञापन |
नदेसर शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाकों में शामिल है। कल सावन का सोमवार होने के कारण यहां से बड़ी संख्या में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के गुजरने की उम्मीद है। ऐसे में सड़क पर जमी मिट्टी, गिट्टी और मलबा सुरक्षा के लिहाज से भी चिंता का विषय है।
एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को विशेष निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी कांवड़ यात्रा को लेकर लगातार व्यवस्थाओं में जुटा है। वहीं, शहर के बीचोंबीच कांवड़ियों के रास्ते में इस तरह मलबा और गिट्टी जमा होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।


