gnews वाराणसी के हनुमान फाटक में खूनी वारदात: घर के बाहर सो रहे तीन लोगों पर पत्थर से हमला, एक की मौत; दो घायल - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी के हनुमान फाटक में खूनी वारदात: घर के बाहर सो रहे तीन लोगों पर पत्थर से हमला, एक की मौत; दो घायल

आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार भोर करीब 3 बजे घर के बाहर सो रहे तीन लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पत्थर से सिर पर वार किया, जिसमें रवि चौहान उर्फ पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

मिली जानकारी के अनुसार, हमले में रवि चौहान उर्फ पप्पू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह साड़ी का पत्ता खोजने का काम करते थे। वहीं अशोक पासी उर्फ बाबा, जो पान बेचने का काम करते हैं, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीसरे व्यक्ति गणेशु कनौजिया को भी चोटें आई हैं।

विज्ञापन
घटना के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही आदमपुर थाना पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कराया। एडीसीपी वैभव बांगर ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। दक्षिणी विधायक नीलकंठ तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से वारदात के संबंध में जानकारी ली।


पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब हमले के पीछे की वजह और वारदात में शामिल हमलावर की पहचान करने में जुटी है।


पुलिस के मुताबिक, फिलहाल हमलावर के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अज्ञात हमलावर की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

विज्ञापन
भोर के समय हुई इस वारदात से हनुमान फाटक और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस हमले के कारणों का पता लगाने और आरोपी तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हुई है।