वाराणसी में कैंसर अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदा मरीज, मौत; ऑपरेशन के एक दिन बाद उठाया आत्मघाती कदम
चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामना मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में एक कैंसर मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
![]() |
| विज्ञापन |
मृतक की पहचान 35 वर्षीय रामेश्वर कुमार पुत्र नंदकिशोर के रूप में हुई है। वह बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारु थाना क्षेत्र के मोहजम्मा गांव का निवासी था। रामेश्वर पिछले करीब एक महीने से कैंसर संस्थान में भर्ती होकर इलाज करा रहा था। उसका ऑपरेशन भी हुआ था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 12:50 बजे रामेश्वर अस्पताल के आईपीडी वार्ड नंबर-4 की चौथी मंजिल पर पहुंचा और वहां से नीचे छलांग लगा दी। गिरने की तेज आवाज सुनकर अस्पताल के कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
![]() |
| विज्ञापन |
सूचना मिलने पर चितईपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मरीज ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया।



