वाराणसी में बारिश बनी काल: चांदपुर में दीवार गिरने से पति-पत्नी की मौत
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार सुबह बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। पोस्ट ऑफिस के पास स्थित एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची एनडीआरएफ, पुलिस और फायर विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को मलबे से बाहर निकाला।
![]() |
| विज्ञापन |
बताया गया कि जिस परिसर में दंपती रह रहे थे, वह राजेश दौलिया का बताया जा रहा है। परिसर के एक हिस्से में बनी दीवार बारिश के कारण कमजोर हो गई थी। मंगलवार सुबह अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों पति-पत्नी मलबे में दब गए।
परिजनों के अनुसार, रविन्द्र मिश्र और प्रतिमा देवी चांदपुर स्थित कैपकोन कंपनी में काम करते थे, जहां तार बनाने का काम होता है। उनका बेटा आनंद मिश्र भी चांदपुर की ही एक कंपनी में कार्यरत है। सोमवार रात उसकी नाइट ड्यूटी थी।
मंगलवार सुबह ड्यूटी खत्म कर आनंद जब घर लौटा तो उसने देखा कि मकान की दीवार गिर चुकी है और उसके माता-पिता मलबे में दबे हुए हैं। यह देखकर वह घबरा गया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया। इसके बाद पुलिस को हादसे की सूचना दी गई।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया बारिश के कारण दीवार कमजोर होने से उसके गिरने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हादसे की खबर के बाद चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में माता-पिता की मौत से बेटे आनंद समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


