काशी में अमित शाह का संभावित कार्यक्रम, फॉरेंसिक विश्वविद्यालय के ट्रांजिट कैंपस का लोकार्पण और स्थायी परिसर का भूमि पूजन
काशी में अपराध की वैज्ञानिक जांच और फॉरेंसिक शिक्षा को नई दिशा मिलने जा रही है। गुजरात स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के जाल्हूपुर स्थित ट्रांजिट कैंपस का संचालन शुरू हो चुका है और यहां विश्वविद्यालय के पहले बैच की कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं। अब विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर के निर्माण की दिशा में भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
![]() |
| विज्ञापन |
अमित शाह के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट
कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। उनके काशी आगमन की स्थिति में कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
हालांकि, यदि केंद्रीय गृह मंत्री का काशी आगमन किसी कारण संभव नहीं हो पाता है तो वर्चुअल माध्यम से ट्रांजिट कैंपस के लोकार्पण और स्थायी परिसर के भूमि पूजन का विकल्प भी प्रशासन के स्तर पर विचाराधीन बताया जा रहा है।
पूर्वांचल के विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा अवसर
स्थायी परिसर के अस्तित्व में आने के बाद काशी समेत पूरे पूर्वांचल के विद्यार्थियों को फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। फॉरेंसिक विज्ञान में विशेषज्ञता हासिल करने वाले युवाओं के लिए अपराध अनुसंधान, फॉरेंसिक प्रयोगशालाओं, न्यायिक प्रक्रिया और इससे जुड़े अन्य क्षेत्रों में रोजगार और करियर के नए रास्ते खुल सकते हैं।
![]() |
| विज्ञापन |
स्थायी परिसर के निर्माण के बाद विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, प्रशिक्षण सुविधाओं और शैक्षणिक पाठ्यक्रमों के विस्तार की भी योजना है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और आधुनिक फॉरेंसिक तकनीकों पर काम करने का अवसर मिलेगा।
स्थानीय स्तर पर जांच को मिलेगी मजबूती
फॉरेंसिक विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर के शुरू होने से काशी और पूर्वांचल में अपराध की वैज्ञानिक जांच को भी गति मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में कई मामलों में घटनास्थल से जुटाए गए नमूने और साक्ष्य फॉरेंसिक जांच के लिए दूसरे स्थानों पर भेजने पड़ते हैं। इससे जांच प्रक्रिया में समय लग सकता है।
![]() |
| विज्ञापन |
फॉरेंसिक विज्ञान के विशेषज्ञों और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं की स्थानीय उपलब्धता से साक्ष्य आधारित जांच को मजबूती मिलने के साथ अपराध के मामलों में वैज्ञानिक विश्लेषण की भूमिका भी बढ़ेगी। इससे काशी और आसपास के जिलों में होने वाले मामलों की जांच को स्थानीय स्तर पर तकनीकी सहयोग मिलने की उम्मीद है।
काशी में राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर न केवल विद्यार्थियों के लिए उच्च स्तरीय शिक्षा का केंद्र बन सकता है, बल्कि आने वाले समय में पूर्वांचल में वैज्ञानिक अपराध अनुसंधान के लिए एक महत्वपूर्ण संस्थागत आधार भी तैयार कर सकता है।



