gnews वाराणसी में सीवर लाइन में मिट्टी से भरे बोरे मिलने से हड़कंप, मेयर बोले— काशी को बदनाम करने की साजिश, निगम ने दर्ज कराया मुकदमा - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में सीवर लाइन में मिट्टी से भरे बोरे मिलने से हड़कंप, मेयर बोले— काशी को बदनाम करने की साजिश, निगम ने दर्ज कराया मुकदमा

भारी बारिश और सीवर ओवरफ्लो के चलते शहर के कई इलाकों और कॉलोनियों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई थी। इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों ने नगर निगम के खिलाफ नाराजगी भी जताई। इसी बीच शनिवार को नगर निगम की टीम सीवर सफाई के लिए सड़कों पर उतरी। इस दौरान शिवाला वार्ड की मुख्य सीवर लाइन में बालू-मिट्टी से भरी बोरियां ठूंसकर डाली हुई मिलीं।

विज्ञापन 

सीवर लाइन में मिट्टी से भरे बोरे मिलने की सूचना पर महापौर अशोक तिवारी मौके पर पहुंचे और मामले को गंभीरता से लेते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि काशी को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। काशी में हुए विकास के खिलाफ साजिश रची गई है। नगर निगम की टीम आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किसने सीवर लाइन में मिट्टी की बोरियां डालीं। नगर निगम ने इस मामले में एफआईआर कराने की तैयारी की और भेलूपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।

विज्ञापन 

महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि सीवर लाइन में बोरियां जानबूझकर डाली गई हैं, ताकि काशी को बदनाम किया जा सके। पिछले एक हफ्ते के रिकॉर्ड को देखें तो लगातार जलजमाव के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं और ट्रोल किया जा रहा है। जानबूझकर बनारस को बदनाम करने की कोशिश की गई है।

 

उन्होंने कहा कि शहर में जहां सबसे ज्यादा जलजमाव की स्थिति थी, वहां 20 से 30 मिनट में पानी पूरी तरह निकल गया था, लेकिन शिवाला क्षेत्र में पानी नहीं निकला। इसके बाद जब नगर निगम की टीम ने आधुनिक मशीनों के जरिए सीवर की सफाई शुरू की, तो यह तस्वीर सामने आई। महापौर ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन राजनीति की आड़ में शहर को बदनाम करना बहुत ही छोटी मानसिकता को दर्शाता है।

विज्ञापन 

उन्होंने कहा कि अब सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाएगी और पूरे मामले की जांच करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। बता दें कि पिछले कुछ सालों में वाराणसी में जलजमाव की समस्या कम हुई थी। बरसात का पानी बमुश्किल एक-दो घंटे में खत्म हो जाता था, लेकिन इस बार बरसात में काशी की स्थिति कुछ और हो गई और जलजमाव की स्थिति हर क्षेत्र में देखी गई। फिलहाल भेलूपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।