gnews होटल मदीन के कैश काउंटर में 1.71 करोड़ रुपये कम मिले, GM समेत चार कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिक - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

होटल मदीन के कैश काउंटर में 1.71 करोड़ रुपये कम मिले, GM समेत चार कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिक

कमिश्नरेट वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित होटल मदीन में कैश और रिकॉर्ड के मिलान के दौरान करीब 1.71 करोड़ रुपये की कमी सामने आने के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। होटल प्रबंधन की तहरीर पर पुलिस ने महाप्रबंधक संदीप पाटियाल, वित्त प्रबंधक अनुपम सिंह, कैशियर कौशल किशोर सिंह और एचआर प्रबंधक प्रदीप कुमार तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रबंधन ने चारों पर साजिश के तहत कथित गबन और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।

विज्ञापन
होटल निदेशक के सलाहकार तरुण कुमार दीक्षित की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, होटल प्रबंधन को काफी समय से होटल के कैश और बैंक में जमा होने वाली रकम के हिसाब में अंतर होने की आशंका थी। इस संबंध में कर्मचारियों से पूछताछ की गई तो सॉफ्टवेयर में तकनीकी समस्या होने की बात सामने रखी गई।


इसके बाद होटल प्रबंधन ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) से होटल के कैश और संबंधित रिकॉर्ड का मिलान कराया। जांच के मुताबिक, 31 मार्च 2026 तक होटल के कैश में 2,06,72,991 रुपये होने चाहिए थे, जबकि भौतिक सत्यापन के दौरान केवल 55 लाख रुपये ही मिले। इस तरह इस अवधि में 1,51,72,991 रुपये की कमी बताई गई।

विज्ञापन
वहीं, 1 अप्रैल से 8 सितंबर 2026 तक के रिकॉर्ड के अनुसार होटल के कैश में 25,85,000 रुपये होने चाहिए थे, लेकिन जांच के दौरान महज 5,91,979 रुपये ही मिले। इस अवधि में 19,93,021 रुपये की कमी सामने आने का दावा किया गया है।
विज्ञापन
होटल प्रबंधन के अनुसार, दोनों अवधियों में सामने आई कमी को मिलाकर कुल 1,71,65,962 रुपये का अंतर पाया गया। इसके बाद दूसरे चार्टर्ड अकाउंटेंट से भी रिकॉर्ड और कैश का सत्यापन कराया गया। तहरीर में दावा किया गया है कि दूसरे सत्यापन में भी 1,71,65,041.03 रुपये का अंतर सामने आया।


होटल प्रबंधन ने इस पूरे मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ साजिश के तहत रकम के कथित गबन और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


कैंट थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड, कैश के हिसाब और संबंधित दस्तावेजों की जांच के साथ आरोपों की भी पड़ताल कर रही है।