gnews चलो-चलो... ट्रक आ गया! वाराणसी में 308 पहियों वाले ट्रक की एंट्री, सेल्फी लेने के लिए उमड़ी भीड़; जौनपुर से दौड़े चले आए लोग - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

चलो-चलो... ट्रक आ गया! वाराणसी में 308 पहियों वाले ट्रक की एंट्री, सेल्फी लेने के लिए उमड़ी भीड़; जौनपुर से दौड़े चले आए लोग

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ‘बाहुबली ट्रक’ अब वाराणसी पहुंच चुका है। ओडिशा के पारादीप पोर्ट से निकला यह भारी-भरकम ट्रक झारखंड और बिहार से होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर चुका है। चंदौली के रास्ते वाराणसी पहुंचा यह ट्रक बेल्जियम से आए विशाल वेसल को लेकर डाफी टोल प्लाजा पर रुका है। यहां रात्रि विश्राम के बाद यह ट्रक कल सुबह नेशनल हाईवे के रास्ते राजातालाब होते हुए हरहुआ रिंग रोड से गाजीपुर की सीमा में प्रवेश करेगा।

विज्ञापन
वाराणसी नेशनल हाईवे पर इस वायरल बाहुबली ट्रक को देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ रही है। ट्रक को देखने, उसके साथ सेल्फी लेने और तस्वीरों को मोबाइल में कैद करने के लिए लोग 100 किलोमीटर का सफर तय करके वाराणसी पहुंच रहे हैं।
 


जौनपुर से वाराणसी आए सुनील कुमार ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि उन्होंने इस ट्रक के कई रील सोशल मीडिया पर देखे थे। जब उन्हें पता चला कि यह वायरल ट्रक वाराणसी से होकर गाजीपुर के रास्ते लखीमपुर खीरी तक जाएगा, तो वे इसे देखने के लिए वाराणसी चले आए। चंदौली के रहने वाले महेश यादव ने बताया कि उन्होंने भी इस ट्रक और उस पर लदे वेसल के बारे में काफी सुना था, इसलिए वे भी इसे देखने और सेल्फी लेने के लिए यहां आ गए।

विज्ञापन
यह वेसल वाराणसी से गाजीपुर और फिर आगे लखीमपुर खीरी तक पहुंचे, इसके लिए वाराणसी के डाफी टोल प्लाजा पर सड़क का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अलावा वाराणसी सीमा से इसे पार कराने के लिए वाराणसी में तीन ओवरब्रिज को भी हटाया जाएगा। ये ओवरब्रिज हरहुआ रिंग रोड और वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर स्थित हैं।
विज्ञापन
बताते चलें कि इस बाहुबली ट्रक की चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि यह आम ट्रक से बिल्कुल अलग है। इसमें हाइड्रोलिक मॉड्यूलर ट्रेलर है। इसके साथ ही बीस ट्रॉली जोड़कर इसे तैयार किया गया है। हर ट्रॉली पर कई एक्सल हैं। इस बाहुबली ट्रक में 308 पहिए लगे हुए हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि हर पहिया 308 डिग्री घूम सकता है, ताकि किसी भी मोड़ पर यह आसानी से मुड़ सके। इस ट्रक पर शुगर मिल का वेसल लदा हुआ है, जिसकी लंबाई सौ फीट और ऊंचाई बीस फीट से ज्यादा है। इसका वजन लगभग दो सौ टन बताया जा रहा है।