वाराणसी में पारिवारिक विवाद के दौरान चली गोली, रिवॉल्वर छीनने में बेटे के हाथ में लगी गोली; ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
October 02, 2026
| विज्ञापन |
बताया जा रहा है कि प्रवीण कुमार सिंह का अपने पिता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उनके पिता बिंदा कुमार सिंह लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त अवर अभियंता हैं।
वाराणसी में पारिवारिक विवाद के दौरान चली गोली, रिवॉल्वर छीनने में बेटे के हाथ में लगी गोली; ट्रॉमा सेंटर में भर्ती#TheVaranasiNews #Varanasi #VaranasiNews@Uppolice @varanasipolice pic.twitter.com/PYiAB0XEgY
— The Varanasi News (@thevaranasinews) October 2, 2026
विवाद के दौरान पिता-पुत्र के बीच मारपीट भी हुई। इसी दौरान प्रवीण ने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर छीनने का प्रयास किया, तभी गोली चल गई और प्रवीण के दाहिने हाथ में जा लगी।
| विज्ञापन |
घटना के बाद बिंदा कुमार सिंह महमूरगंज पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रवीण को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा। पुलिस ने बिंदा कुमार सिंह को रिवॉल्वर के साथ हिरासत में लिया है।
भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह के अनुसार, घटना के समय घर में बिंदा कुमार सिंह, उनकी पत्नी और उनका बड़ा बेटा मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के दौरान पिता-पुत्र के बीच मारपीट और रिवॉल्वर छीनने के प्रयास के दौरान गोली चलने की बात सामने आई है।
| विज्ञापन |
पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में पिता और पुत्र दोनों फिलहाल ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं। वहीं, आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि परिवार में पहले भी विवाद की स्थिति बनती रहती थी।
बताया गया कि प्रवीण पढ़ाई पूरी करने के बाद फिलहाल बेरोजगार है, जबकि उसका छोटा भाई 30 वर्षीय अमित सिंह अरुणाचल प्रदेश में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में नौकरी करता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और गोली किन परिस्थितियों में चली। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।