gnews वाराणसी के एसबीआई बैंक में लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली, महिला बैंककर्मी घायल - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी के एसबीआई बैंक में लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली, महिला बैंककर्मी घायल

 शिवपुर थाना क्षेत्र के क्राइस्ट नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शाखा में शुक्रवार दोपहर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। गोली लगने से बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारी अनुराधा त्रिपाठी घायल हो गईं। गोली उनके पैर के निचले हिस्से में लगी। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के हिम्मत नगर निवासी संजीव शुक्ला का खाता क्राइस्ट नगर स्थित एसबीआई शाखा में है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दोपहर करीब ढाई बजे वह बैंक में किसी काम से पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी रिवॉल्वर थी, जिसे उन्होंने बैंक के सुरक्षा गार्ड के पास जमा कर दिया था।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि सुरक्षा गार्ड ने रिवॉल्वर को बैंक में एक मेज की दराज में रख दिया था। इसी दौरान महिला बैंककर्मी अनुराधा त्रिपाठी किसी काम से दराज खोलने पहुंचीं। दराज खोलने के दौरान रिवॉल्वर नीचे जमीन पर गिर गई। बताया जा रहा है कि जमीन पर गिरते ही रिवॉल्वर से गोली चल गई, जो महिला कर्मचारी के पैर के निचले हिस्से में जा लगी।


गोली चलने की आवाज से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। महिला कर्मचारी घायल होकर गिर पड़ीं। इसके बाद बैंक में मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

विज्ञापन
घटना की सूचना मिलने पर शिवपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस बैंक कर्मचारियों, सुरक्षा गार्ड और रिवॉल्वर के मालिक संजीव शुक्ला से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने रिवॉल्वर को अपने कब्जे में ले लिया है।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रिवॉल्वर से गोली चलने की परिस्थितियों और घटना में किसी की लापरवाही की भूमिका की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।