gnews बाहुबली सांसद बृजभूषण शरण सिंह और संजय सिंह को धमकी देने वाले का पता चला, पुलिस टीम के आने से पहले हुआ फरार - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

बाहुबली सांसद बृजभूषण शरण सिंह और संजय सिंह को धमकी देने वाले का पता चला, पुलिस टीम के आने से पहले हुआ फरार

कैसरगंज के भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और भारतीय कुश्ती संघ के निलंबित अध्यक्ष संजय सिंह को फोन कर जान से मारने की धमकी देने वाले का पता पुलिस ने लगा लिया है। उसकी पहचान गाजीपुर के रहने वाले के रूप में हुई है। पुलिस टीम गाजीपुर के जेवर (करंडा) स्थित उसके घर भी पहुंची। लेकिन वह हाथ नहीं लगा है। उसके परिजनों से  पुलिस ने पूछताछ की है। पता चला कि वह नशे का आदी भी है।

आरंभिक जांच में सामने आया था कि मोबाइल नंबर लखनऊ निवासी एक व्यक्ति के नाम पर है। वह मोबाइल गाजीपुर के इस युवक के पास कैसे पहुंचा। उसने धमकी क्यों दी इसकी जांच की जा रही है। संजय सिंह बबलू ने रविवार को वाराणसी में पुलिस को शिकायत देते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। 

पुलिस को दर्ज कराई गई शिकायत में बताया था कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे अनजान नंबर से फोन आया। उन्होंने रिसीव नहीं किया। करीब डेढ़ घंटे बाद फिर उसी नंबर से फोन आया। उल्टी सीधी बात करने लगा। लगा कि किसी ने शरारत की है। फिर शनिवार दोपहर में उसी नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उन्हें और बृजभूषण शरण सिंह को गोली से मारने, बम से उड़ाने की बात करने लगा।

गाली गलौज करने पर संजय सिंह बबलू ने फोन काट दिया। फिर फोन कर धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद छह बार फोन किया लेकिन संजय सिंह ने रिसीव नहीं किया। इसके बाद अपने लोगों को जानकारी देने के बाद भेलूपुर पुलिस को अवगत कराया।

भेलूपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस की जांच में मोबाइल नंबर लखनऊ के करन राजपूत के नाम से मिला। सर्विलांस से लोकेशन की जांच की गई। इसके बाद गाजीपुर के करंडा का पता चला। भेलूपुर इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गाजीपुर गई है। आरोपी को पकड़ने के बाद ही सभी मामलों का खुलासा हो सकेगा।