वीडियो वायरल करने की धमकी देकर डॉक्टर से ऐंठे 60 हजार, बीएचयू हॉस्टल ले जाकर किया गंदा काम
ऑनलाइन कॉल करके बीएचयू मुझे बुलाया गया। वहां पर मरीज देखने पहुंचा तो बीएचयू हॉस्टल के 3-4 लड़कों ने मुझे रूम में बंद कर दिया। फिर तीनों ने मेरी पिटाई की। जबरन मेरे कपड़े उतारे उतारे गए। वीडियो बनाया गया। मुझसे 60 हजार नगद और सोने की चेन, अंगूठी और मोबाइल छीन लिया। मुझे धमकी दी गई, अगर किसी से कुछ बताया तो वीडियो वायरल कर दूंगा। ये कहना है एक प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर का।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में ऐप के जरिए डॉक्टर के कपड़े उतार कर अश्लील हरकत करने, मारपीट और पैसे छीनने का मामला सामने आया है। डॉक्टर ने आरोप लगाया कि बीएचयू के रुइया हॉस्टल में उसके साथ जबरदस्ती की गई। पीड़ित डॉक्टर ने लंका थाने में मामले की शिकायत की।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा। दोनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। लंका थाने के प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पूरे गैंग को गिरफ्तार कर लिया गया है। एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रतापगढ़ के नारायण शुक्ल (20) और गाजीपुर के सूरज दुबे (21) का नाम सामने आया है।
पहले पढ़ते हैं पीड़ित डॉक्टर की आपबीती, जो उसने पुलिस को सुनाई....
"मैं प्राइवेट अस्पताल में डॉक्टर हूं। 11 जनवरी को एक लड़के ने फेसबुक मैसेंजर पर कॉल किया। उसने कहा, मेरे रूम पार्टनर की तबियत खराब हो गई है। उसे रुइया हॉस्टल में आकर देख लीजिए। जब मैं लंका गेट पर पहुंचा तो वह लड़का मुझे रिसीव करने आया। अपने साथ संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के रुइया हॉस्टल में लेकर गया। जैसे ही मैं कमरे में पहुंचा तो वहां 3-4 लड़के और आ गए और हॉस्टल का कमरा बंद कर दिया। उन्होंने मुझे धमकी देकर मेरे सारे कपड़े उतारवा दिए। उन लड़कों का व्यवहार बेहद हिंसक था।
एक और लड़के को न्यूड कराया गया और फिर दोनों का न्यूड वीडियो बनाया। मुझे लात-मुक्कों से बुरी तरह पीटा। मुझसे मेरा पर्स छीनकर 20 हजार रुपए कैश और ATM निकाल लिए। इन लोगों ने जबरदस्ती मेरा सोने का लॉकेट वाला चेन और अंगूठी छीन लिया।मेरे मोबाइल से Phone pay और G Pay के माध्यम से मेरे PNB और SBI के अकाउंट से 10000 और 5000 रुपए निकाल लिए गए। मेरे रिश्तेदार से भी 25000 रुपए ट्रांसफर कराए गए। मेरे दूसरे परिचितों को भी धमकाया गया और पैसा निकलवाने का प्रयास किया गया।"
24 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ्तार
लंका थाने के SHO प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र ने बताया कि डॉक्टर ने 4 फरवरी को लंका थाने में शिकायत की। 24 घंटे के भीतर वाराणसी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर इस मामले और गैंग का खुलासा कर दिया। इन्होंने Grindr और मैसेंजर एप का इस्तेमाल कर डॉक्टर को अपने जाल में फंसाया था DCP काशी आर एस गौतम ने बताया कि तकनीक का इस्तेमाल कर पुलिस ने इन्हें तत्काल गिरफ्तार किया।
इन पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल किया है। दोनों आरोपी बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के छात्र हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपए इनाम स्वरूप भी दिए गए।

