gnews वाराणसी में फिर बंद हुए स्कूल: महाकुंभ श्रद्धालुओं का वाराणसी में पलट प्रवाह, कक्षा-8 तक के स्कूल 22 फरवरी तक बंद - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में फिर बंद हुए स्कूल: महाकुंभ श्रद्धालुओं का वाराणसी में पलट प्रवाह, कक्षा-8 तक के स्कूल 22 फरवरी तक बंद


महाकुंभ के स्नान के बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ वाराणसी में उमड़ रही है। इस भीड़ और बढ़ते ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। डीएम एस राजलिंगम के निर्देश पर बीएसए डॉ अरविन्द पाठक ने वाराणसी के शहरी क्षेत्र के सभी कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों को 22 फरवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।

विज्ञापन

यह आदेश शहरी क्षेत्र के विद्यालयों के लिए है, जो 17 फरवरी से खुलने थे। अब इन विद्यालयों की कक्षाएं 22 फरवरी तक ऑनलाइन माध्यम से चलेंगी। डीएम ने अभिभावकों और बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

बीएसए डॉ अरविन्द पाठक ने बताया कि डीएम के निर्देश के तहत परिषदीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। इन स्कूलों की कक्षाएं अब ऑनलाइन मोड में संचालित होंगी, जैसे कि पहले होती रही हैं।

विज्ञापन

वाराणसी में महाकुंभ का पलट प्रवाह जारी है और लाखों श्रद्धालु हर दिन वाराणसी पहुंच रहे हैं। इससे शहर में ट्रैफिक की स्थिति भी काफी बिगड़ी हुई है। इसको देखते हुए शहरी इलाकों में चार पहिया वाहनों की इंट्री भी बंद कर दी गई है, साथ ही स्कूल बसों की आवाजाही को भी प्रभावित किया गया है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।

हालांकि, मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं और सीबीएसई की चल रही परीक्षाएं पूर्ववत जारी रहेंगी और किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। शहर में बढ़ते श्रद्धालु संख्या और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है ताकि बच्चों और अभिभावकों को कोई परेशानी ना हो।