gnews बीएचयू परिसर में फायरिंग से हड़कंप, आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर छात्रों का धरना - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

बीएचयू परिसर में फायरिंग से हड़कंप, आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर छात्रों का धरना

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर एक बार फिर से तनाव और हंगामे की वजह से चर्चा में है। शनिवार देर रात बिरला ए हॉस्टल के सामने फायरिंग की सूचना मिलने के बाद सैकड़ों छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और चौराहे पर धरने पर बैठ गए। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रुइया हॉस्टल के छात्र पर लगाया फायरिंग का आरोप

बिरला ए हॉस्टल के छात्र रोशन मिश्रा ने आरोप लगाया कि देर रात खाना खाने के बाद वह हॉस्टल के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध कार वहां पहुंची और उसमें सवार व्यक्ति ने उन पर निशाना साधकर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के छात्र मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।

विज्ञापन

रोशन मिश्रा का कहना है कि उन्होंने करीब 20 दिन पहले ही विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर से रुइया हॉस्टल के छात्र पीयूष तिवारी के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत में उन्होंने अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उनका आरोप है कि समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण यह घटना हुई।

पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड मौके पर पहुंचा

फायरिंग की सूचना मिलते ही कमिश्नरेट पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। विश्वविद्यालय के प्रॉक्टोरियल बोर्ड के गार्ड भी मौके पर मौजूद रहे।

विज्ञापन

धरने पर बैठे छात्र लगातार चीफ प्रॉक्टर के खिलाफ नारेबाजी करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। छात्रों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने लापरवाही बरती।

 लाइट काटे जाने से और बढ़ा छात्रों का गुस्सा

धरने के दौरान कई बार धरनास्थल की लाइट काटे जाने की भी सूचना है, जिससे छात्र और अधिक नाराज हो गए। इसे लेकर छात्रों ने प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश का आरोप लगाया।

विज्ञापन

खबर लिखे जाने तक छात्र धरने पर डटे हुए थे और चीफ प्रॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।