gnews वाराणसी में देर रात बेकाबू कार का तांडव: डिवाइडर पार कर तीन वाहनों को मारी टक्कर, शराब की बोतलें बरामद - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में देर रात बेकाबू कार का तांडव: डिवाइडर पार कर तीन वाहनों को मारी टक्कर, शराब की बोतलें बरामद

वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क पर कहर बरपा दिया। हादसे में दो बाइक और एक कार क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कार सवार युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार से शराब की बोतलें बरामद की हैं और फरार युवकों की तलाश शुरू कर दी है।

विज्ञापन

यह घटना राजघाट स्थित अजगर शहीद मजार के पास गुरुवार रात करीब 11:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भदऊचुंगी की ओर से पड़ाव की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रही एक कार से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खड़ी दो बाइक भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं।

विज्ञापन

बताया जा रहा है कि पास की मस्जिद में तरावीह की नमाज पढ़ने आए लोगों ने अपनी बाइक जीटी रोड किनारे खड़ी की थी, जो हादसे का शिकार बन गईं। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखा कि दुर्घटनाग्रस्त कार का दरवाजा लॉक हो गया था। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद दरवाजा खोला, लेकिन बाहर निकलते ही कार सवार युवक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार में सवार युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। हादसे के कारण करीब 30 मिनट तक जीटी रोड पर यातायात बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।

विज्ञापन

सूचना मिलने पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया और यातायात को सामान्य कराया। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार दिल्ली में पंजीकृत है और उसकी तलाशी के दौरान शराब की बोतलें बरामद हुई हैं।