gnews वाराणसी के रेनबो गेस्ट हाउस में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 7 को दबोचा - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी के रेनबो गेस्ट हाउस में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 7 को दबोचा

लंका थाना क्षेत्र में स्थित रेनबो गेस्ट हाउस में संचालित अवैध देह व्यापार के अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त सूचना के आधार पर एसीपी मुख्यालय अपूर्वा पांडेय के नेतृत्व में SOG-2 टीम ने शुक्रवार को छापेमारी कर मौके से 3 महिलाओं सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया।

विज्ञापन 

पुलिस को हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिली थी कि लंका क्षेत्र के रेनबो गेस्ट हाउस में अनैतिक देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने सत्यापन कराया और पुष्टि होने के बाद तत्काल गेस्ट हाउस पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

विज्ञापन 

गिरफ्तार आरोपियों में मुहम्मद जफर उर्फ राज उर्फ गुड्डू (निवासी चंदौली), राजू यादव (निवासी आजमगढ़), जितेंद्र कुमार (होटल संचालक, निवासी वाराणसी), सुनील कुमार (ग्राहक) और अनिल पांडेय (भवन स्वामी) शामिल हैं। इसके अलावा तीन महिलाओं को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दो दलाल, होटल संचालक, भवन स्वामी और एक ग्राहक शामिल हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 9 टच स्क्रीन मोबाइल, 3 कीपैड मोबाइल, पेटीएम और गूगल पे के क्यूआर कोड, एक पेटीएम पेमेंट मशीन, एक रजिस्टर, 4 प्रयुक्त और 21 अप्रयुक्त कंडोम तथा तलाशी के दौरान 10,070 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद डिजिटल भुगतान साधनों से अवैध लेनदेन के संकेत मिले हैं और इनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

विज्ञापन 

इस संबंध में थाना लंका में आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।