महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र को जान से मारने की धमकी, सिगरा थाने में FIR दर्ज
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र आशुतोष तिवारी हर्षित को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में छात्र ने सिगरा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(4) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर फोटो का दुरुपयोग, भ्रामक पोस्ट का आरोप
एमए पॉलिटिकल साइंस के छात्र आशुतोष तिवारी हर्षित ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह विद्यापीठ के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। पिछले 2–3 दिनों से कुछ अज्ञात लोग उनकी फोटो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर असत्य, भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित कर रहे हैं।
![]() |
| विज्ञापन |
उन्होंने आरोप लगाया कि इन पोस्ट के माध्यम से उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
डायरेक्ट मैसेज और कमेंट में मिल रही जान से मारने की धमकी
छात्र के अनुसार, उन्हें सोशल मीडिया के डायरेक्ट मैसेज और पोस्ट पर कमेंट के जरिए लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे वह भयभीत हैं और मानसिक रूप से भी काफी परेशान हैं।
![]() |
| विज्ञापन |
उन्होंने बताया कि उनके परिवार के लोग भी इन धमकी भरे संदेशों को देखकर चिंतित हैं और सुरक्षा कारणों से उन्हें घर वापस आने की सलाह दे रहे हैं।
पीछा किए जाने का भी लगाया आरोप
आशुतोष तिवारी हर्षित ने यह भी बताया कि पिछले कुछ दिनों से जब भी वह छात्रावास से बाहर निकलते हैं, तो उन्हें ऐसा महसूस होता है कि कोई उनका पीछा कर रहा है। इस वजह से वह छात्रावास से बाहर निकलने और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेने से भी डर रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, अकाउंट की जांच शुरू
सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि छात्र की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सोशल मीडिया पर किए गए भ्रामक पोस्ट और संबंधित अकाउंट की जांच कर रही है। साथ ही धमकी देने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पहले भी चौकी इंचार्ज पर लगा चुके हैं आरोप
गौरतलब है कि हाल ही में आशुतोष तिवारी हर्षित ने पान दरीबा चौकी इंचार्ज रोहित तिवारी पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने पान दरीबा रोड स्थित बकरामंडी को अवैध बूचड़खाना बताते हुए चौकी इंचार्ज पर पैसा लेने का आरोप लगाया था।
![]() |
| विज्ञापन |
हालांकि, इस मामले में डीसीपी काशी जोन ने स्पष्ट किया था कि संबंधित स्थान बूचड़खाना नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी बकरा मंडी है।
पुलिस का दावा – जल्द होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, छात्र ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।



.jpg)