वाराणसी पहुंचे कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर मीडिया पर भड़के, बोले– हम राजभर हैं, सीना ठोककर बोलते हैं
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में वे कई सवालों पर खासे नाराज़ नजर आए और एक के बाद एक तीखे बयान दिए।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि चुनाव की पूरी तैयारी सरकार कर चुकी है। मतपत्र छपकर सभी जिलों में भेजे जा चुके हैं। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी तरह की भ्रांति न रखी जाए, पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव से पहले ही कराए जाएंगे।
![]() |
| विज्ञापन |
शंकराचार्य के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि देश संविधान से चलता है, किसी के बयान से संविधान नहीं बदल सकता। किसी के कहने से कुछ नहीं होता। गौ माता को राज्य माता का दर्जा देने के शंकराचार्य के बयान पर उन्होंने कहा कि यह विषय जब कैबिनेट में आएगा, तब उस पर विचार किया जाएगा।
सुहेलदेव की जयंती के दौरान अनिल राजभर द्वारा ओमप्रकाश राजभर के समर्थकों पर मंच से लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि अगर पूरे देश में वोट बेचने की दुकान कहीं है तो उसका नाम बता दें, अगर माई के लाल हैं तो सामने आएं।
![]() |
| विज्ञापन |
राजभर समाज का नेता कौन है, इस सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि आज जो लोग उंगली उठा रहे हैं, वे कभी लोहे की चोरी किया करते थे। उन्होंने कहा कि 23 साल में जो काम ओमप्रकाश राजभर ने किया है, क्या आज तक किसी ने वैसा किया है? जब हमने अपने बाप को बाप कहना शुरू किया, तभी लोगों का ध्यान सुहेलदेव महाराज की ओर गया।
UGC के नए गाइडलाइन और कानून को लेकर मंत्री ने कहा कि अगर किसी को इसमें गड़बड़ी लगती है तो सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खुला है, जो जाना चाहता है, जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में OBC, SC और ST वर्गों के साथ पक्षपात होता है और इस लड़ाई को वे आगे भी लड़ते रहेंगे।
सपा के PDA नारे पर तंज कसते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि PDA का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है।
बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा इस्तीफा देकर शंकराचार्य से मुलाकात किए जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला ड्रामा है और इसमें राजनीति की जा रही है।
![]() |
| विज्ञापन |
मीडिया को आड़े हाथों लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आप लोग बस सवाल पर सवाल करना जानते हैं, लेकिन जानकारी नहीं रखते। अंत में उन्होंने कहा, “हम राजभर हैं और राजभर सीना ठोककर बोलता है।”

.jpg)

