वाराणसी में छत पर कपड़ा सुखाने को लेकर विवाद, दो महिलाएं गिरीं नीचे; एक की मौत
वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हटिया गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। छत पर कपड़ा सुखाने को लेकर हुए विवाद के दौरान दो महिलाएं छत से नीचे गिर गईं। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
![]() |
| विज्ञापन |
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुर्दहा बाजार निवासी राज मिस्त्री तेज बहादुर अपनी पत्नी ज्योति प्रजापति (22), दो साल की बेटी दीपाली और दो माह की बेटी लक्ष्मी के साथ हटिया गांव में किराए के मकान में रहते थे। उसी मकान में समशुल बेगम उर्फ सुमन भी किराए पर रहती थी। दोनों महिलाओं के बीच छत पर कपड़ा फैलाने को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे ज्योति प्रजापति छत पर कपड़ा सुखाने गई थी। आरोप है कि उसी दौरान समशुल बेगम भी छत पर पहुंची और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि समशुल ने ज्योति को धक्का दे दिया। गिरते समय ज्योति ने समशुल को पकड़ लिया, जिससे दोनों महिलाएं छत से नीचे आ गिरीं।
![]() |
| विज्ञापन |
हादसे में ज्योति के सिर में गंभीर चोट लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समशुल बेगम गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ज्योति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायल समशुल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी का शव देखकर पति तेज बहादुर का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपनी मासूम बेटियों को गोद में लेकर उन्हें संभालता नजर आया। आसपास के लोगों का कहना है कि ज्योति स्वभाव से मिलनसार थी, जबकि समशुल अक्सर उस पर तंज कसती थी।
![]() |
| विज्ञापन |
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पीड़िता के पति की तहरीर पर आरोपी महिला समशुल बेगम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई जारी है।

%20(2)%20(1).jpg)

