gnews टायर फटते ही ट्रेलर में घुसी डीसीएम: चालक की मौत, बकरियां लूट ले गए ग्रामीण - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

टायर फटते ही ट्रेलर में घुसी डीसीएम: चालक की मौत, बकरियां लूट ले गए ग्रामीण

जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत कछवांरोड चौराहा के पास वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे-19 पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टायर फटने के कारण हाईवे पर खड़े ट्रेलर में तेज रफ्तार बकरी लदी डीसीएम पीछे से जा भिड़ी। इस हादसे में डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

विज्ञापन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जनपद के खागा थाना क्षेत्र स्थित मीरपुर गांव निवासी संदीप सिंह (25) डीसीएम (यूपी 77 बीएन 5172) में बकरियां लादकर प्रयागराज से वाराणसी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कछवांरोड चौराहा स्थित ओवरब्रिज के पास अचानक वाहन का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पहले से खड़े ट्रेलर (एमपी 33 एच 5546) के पिछले हिस्से में जा घुसा।


टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। हादसे में संदीप सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं केबिन में सवार कानपुर निवासी धर्मेंद्र, रामलखन तथा फतेहपुर निवासी असलम गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना की सूचना पर पहुंचे मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय व कछवांरोड चौकी प्रभारी रामचंद्र यादव ने पुलिस टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।

विज्ञापन

हादसे के बाद अफरा-तफरी के बीच कुछ बकरियां वाहन में दबकर मर गईं, जबकि मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने स्थिति का फायदा उठाते हुए बड़ी संख्या में बकरियां उठाकर ले गए। पुलिस के अनुसार मामले में शिकायत मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।