वाराणसी में खाना बनाते वक्त सिलेंडर ब्लास्ट: भाई-बहन की मौत, धमाके से घर गिरा
वाराणसी के लहरतारा क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक घर में अचानक गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में मौजूद चार लोग मलबे में दब गए।
![]() |
| विज्ञापन |
स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। इस दौरान दो लोगों को मलबे से मृत अवस्था में निकाला गया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल मिले। घायलों को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतकों की पहचान ओम चौधरी और प्रीति चौधरी के रूप में हुई है, जो आपस में भाई-बहन थे। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडीएम सिटी आलोक वर्मा, डीसीपी गोमती जॉन आकाश पटेल, एडीसीपी नीतू कादयान, सीएफओ आनंद सिंह राजपूत और एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत कार्यों की निगरानी की।
![]() |
| विज्ञापन |
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया। अचानक हुए इस विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कर दी है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। वहीं, इस घटना के बाद गैस सिलेंडर की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।


