वाराणसी में एक बार फिर ‘नीला ड्रम’ कांड की धमकी से सनसनी, पत्नी ने पति को दी अंजाम भुगतने की चेतावनी, FIR
भेलूपुर थाना क्षेत्र के डुमराव बाग कॉलोनी निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी, उसके भाइयों और जीजा के खिलाफ मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध है और वह शुरू से ही उसके साथ रहने से इनकार करती रही है।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस को दी गई तहरीर में युवक ने बताया कि उसका विवाह 21 जनवरी 2025 को बिहार के कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र की एक युवती से हुआ था। आरोप है कि विवाह की पहली रात से ही पत्नी ने तरह-तरह के बहाने बनाकर उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। दो-तीन दिन बाद वह अपने कार्यस्थल पर चला गया।
युवक के अनुसार करीब एक महीने बाद पत्नी की विदाई हुई, लेकिन कुछ दिन बाद ही वह मायके चली गई। वहां से उसने फोन कर कहा कि वह “दूसरे की अमानत” है और उसके साथ नहीं रह सकती। साथ ही तलाक देकर उसे भूल जाने को कहा।
पीड़ित का आरोप है कि पत्नी अक्सर फोन कर धमकी देती थी कि यदि उसे मायके से वापस बुलाया गया और तलाक नहीं दिया गया तो वह “नीले ड्रम जैसा कांड” कर देगी।
युवक ने बताया कि लगातार विवाद से परेशान होकर उसने जनवरी 2026 में पत्नी से कहा कि वह होली पर छुट्टी लेकर घर आएगा और परिवार के लोगों की मौजूदगी में इस मामले पर बातचीत कर ली जाएगी।
![]() |
| विज्ञापन |
आरोप है कि 3 मार्च की रात करीब 9 से 9:30 बजे पत्नी अपने दोनों भाइयों आनंद राठौर और मनोरंजन उर्फ मनु, जीजा विजय तथा उनके बड़े भाई राजू के साथ बिना सूचना उसके घर पहुंच गई। बातचीत के दौरान सभी लोग उग्र हो गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में भेलूपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर पत्नी, उसके दोनों भाइयों और जीजा के खिलाफ मारपीट और धमकी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


