gnews धुरंधर स्टाइल में ‘साइलेंट किल’ प्लान: ट्रांसपोर्ट कारोबारी को दिया गया थैलियम जहर, पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

धुरंधर स्टाइल में ‘साइलेंट किल’ प्लान: ट्रांसपोर्ट कारोबारी को दिया गया थैलियम जहर, पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत

शहर के लालघाट क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी को कथित रूप से थैलियम जैसे दुर्लभ और खतरनाक जहर देकर मारने की साजिश रची गई। इस संबंध में कारोबारी की पत्नी ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए हत्या के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालघाट निवासी संदीप सिंह ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और सड़क निर्माण सामग्री की ढुलाई का कार्य करते हैं। इसके साथ ही वह राजनीतिक गतिविधियों में भी 

विज्ञापन

सक्रिय बताए जा रहे हैं। उनकी पत्नी खुशबू सिंह के अनुसार, फरवरी 2025 में गुरुग्राम स्थित एक निजी अस्पताल में परिचित के इलाज के दौरान संदीप सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

शुरुआत में उन्हें बुखार आया, जिसके बाद शरीर में झनझनाहट, तेज दर्द और उल्टी जैसी गंभीर शिकायतें सामने आईं। हालत बिगड़ने पर उन्हें गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन सुधार न होने पर दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने पहले Guillain-Barre Syndrome (GBS) की आशंका जताई और गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया।

स्थिति में सुधार न होने पर 27 मार्च 2025 को एयर एंबुलेंस के जरिए उन्हें मुंबई के एक प्रमुख अस्पताल ले जाया गया। वहां की विस्तृत जांच में डॉक्टरों ने उनके खून में थैलियम 

विज्ञापन

नामक जहरीले तत्व की मौजूदगी पाई। चिकित्सकों के अनुसार, थैलियम एक बेहद दुर्लभ और घातक जहर है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर हत्या या गंभीर नुकसान पहुंचाने के इरादे से किया जाता है।

खुशबू सिंह का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने सुनियोजित तरीके से उनके पति को यह जहर दिया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, इलाज से जुड़े दस्तावेज और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।