रोजा पार्टी के बाद अब गंगा में शराब पार्टी का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
धर्म और आस्था की नगरी वाराणसी में गंगा की मर्यादा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों गंगा नदी के बीच नाव पर शराब पार्टी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में कुछ युवक नाव पर तेज आवाज में डीजे बजाते हुए फिल्मी गानों पर नाचते नजर आ रहे हैं। साथ ही, वीडियो में शराब का सेवन करते हुए जाम छलकाने के दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं।
![]() |
| विज्ञापन |
यह घटना उस समय की बताई जा रही है जब मीरजापुर स्थित बड़ी शीतला माता (अदलपुरा) के दरबार में ‘बधावा’ चढ़ाने के लिए पारंपरिक रूप से नावों के जरिए यात्रा की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, माझी समाज के लोग हर साल इस परंपरा के तहत गंगा के रास्ते माता के दर्शन करने जाते हैं। आरोप है कि इसी यात्रा के दौरान कुछ युवकों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए नाव पर प्रतिबंधित डीजे बजाया और बीच गंगा में नाव रोककर शराब पार्टी की।
गौरतलब है कि वाराणसी प्रशासन द्वारा गंगा की पवित्रता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी में तेज ध्वनि में डीजे बजाने, शराब सेवन करने और किसी भी प्रकार की पार्टी
![]() |
| विज्ञापन |
करने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना प्रशासन के लिए चुनौती बनता जा रहा है।
इससे पहले भी वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर रोजा इफ्तार के दौरान बिरयानी खाने का वीडियो सामने आया था, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
वर्तमान मामले में पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया गया है और उसकी सत्यता की जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है। साथ ही उन नाविकों और आयोजकों की भी भूमिका की जांच हो रही है, जिन्होंने नाव पर डीजे लगाने की अनुमति दी।


