वाराणसी में रेलवे ट्रैक पर मिली AK-47, युवक ने उठाकर रखा, पुलिस में मचा हड़कंप
वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र स्थित सरैया रेलवे ट्रैक के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति को ट्रैक के किनारे राइफल जैसी संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। सतर्कता दिखाते हुए व्यक्ति ने उक्त हथियार को उठाया और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह और आरपीएफ की टीम मौके
![]() |
| विज्ञापन |
पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में बरामद हथियार एके-47 राइफल होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गईं।
जांच के दौरान यह आशंका जताई गई कि यह हथियार किसी ड्यूटी पर जा रहे सीआरपीएफ जवान का हो सकता है, जो किसी कारणवश ट्रेन से गिर गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित एजेंसियों से संपर्क साधा और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल शुरू की।
थानाध्यक्ष जैतपुरा के अनुसार, एक स्पेशल ट्रेन कैंट से डीडीयू जंक्शन की ओर जा रही थी, जिसमें सीआरपीएफ के जवान सवार थे। सरैया डॉट पुल के पास चार जवान ट्रेन से उतर गए थे। जब ट्रेन डीडीयू जंक्शन पहुंची, तो अन्य जवानों ने उनकी तलाश शुरू की। इसके बाद मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई।
इसी बीच सरैया क्षेत्र के हाजी कटरा निवासी एक व्यक्ति को यह एके-47 मिली, जिसे उसने अपने पास रख लिया और करीब 200 वर्ग फीट के एक खंडहरनुमा परिसर में छुपा दिया।
![]() |
| विज्ञापन |
बाद में उसने पुलिस चौकी पर इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे दो सिपाही राइफल को अपने कब्जे में लेकर चले गए। साथ ही मौके पर लगे सरकारी कैमरे की चिप भी अपने कब्जे में ले ली गई है।
पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद डीसीपी और एसीपी भी सरैया चौकी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जांच पूरी होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने सीआरपीएफ के कमांडर से संपर्क कर पुष्टि की, जिसके बाद बरामद एके-47 राइफल को विधिवत संबंधित सीआरपीएफ अधिकारी को सौंप दिया गया।


