नदेसर में जहां झुकते हैं सिर, वहीं बह रहा मल-मूत्र: स्मार्ट सिटी में आस्था की अनदेखी
धर्मनगरी वाराणसी के नदेसर स्थित मिंट हाउस चौराहे पर आस्था और अव्यवस्था की टकराहट साफ नजर आ रही है। प्राचीन हनुमान मंदिर के ठीक सामने महज कुछ दूरी पर बने सार्वजनिक शौचालय की बदहाल स्थिति ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
The Varanasi News की ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया कि शौचालय से निकलने वाला गंदा पानी लगातार सड़क पर बहता हुआ सीधे मंदिर की ओर पहुंच रहा है। नतीजतन, जहां लोग
![]() |
| विज्ञापन |
श्रद्धा से माथा टेकने आते हैं, वहीं उन्हें गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।
मंदिर के पुजारी ने स्पष्ट कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम, कैंटोनमेंट बोर्ड और जिला प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
![]() |
| विज्ञापन |
उनका कहना है कि “हर बार आश्वासन मिलता है, लेकिन हालात जस के तस हैं। गंदगी मंदिर तक पहुंच रही है, जिससे श्रद्धालु परेशान हैं।”
स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि बार-बार विरोध और शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पास में ही वैकल्पिक सामुदायिक शौचालय मौजूद है, तो इस शौचालय को हटाने या उसकी व्यवस्था सुधारने में आखिर देरी क्यों?
स्मार्ट सिटी के तहत शहर को आधुनिक और स्वच्छ बनाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन शहर के प्रमुख चौराहे पर ऐसी स्थिति इन दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस ग्राउंड रिपोर्ट के बाद जागता है या फिर आस्था के सामने गंदगी का यह संकट यूं ही बना रहेगा।


