gnews वाराणसी में STF और कैंट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 1.07 कुंतल गांजा बरामद; अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में STF और कैंट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 1.07 कुंतल गांजा बरामद; अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और कैंट पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी अजय गिरी के रूप में हुई है। आरोपी के पास से कुल 1.07 कुंतल गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने एक कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

यह कार्रवाई 26 अप्रैल की रात करीब 1:58 बजे कैंट थाना क्षेत्र स्थित वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर पुलवरिया पुल से लगभग 200 मीटर आगे की गई। STF को पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी 

विज्ञापन

कि अन्य राज्यों से गांजे की बड़ी खेप लाकर पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में खपाई जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर टीम ने संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर तलाशी ली, जिसमें यह बड़ी बरामदगी हुई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह उड़ीसा से गांजे की खेप लाकर उत्तर प्रदेश के मऊ और आसपास के जिलों में सप्लाई करता था। वह महीने में कई बार इस तरह की तस्करी कर मोटा मुनाफा कमाता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है 

विज्ञापन

और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।