gnews हंसराज विश्वकर्मा ने योगी सरकार में ली मंत्री पद की शपथ, काशी का बढ़ा राजनीतिक कद - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

हंसराज विश्वकर्मा ने योगी सरकार में ली मंत्री पद की शपथ, काशी का बढ़ा राजनीतिक कद

भारतीय जनता पार्टी में संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की परंपरा एक बार फिर साबित हुई है। वाराणसी भाजपा के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने रविवार को लखनऊ में योगी सरकार के मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ली। उनके मंत्री बनने से न केवल वाराणसी भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है, बल्कि काशी का राजनीतिक महत्व भी एक बार फिर बढ़ा हुआ दिखाई दे रहा है।

हंसराज विश्वकर्मा पिछले करीब एक दशक से वाराणसी भाजपा संगठन का प्रमुख चेहरा रहे हैं। लगातार तीसरी बार जिलाध्यक्ष रहने वाले हंसराज विश्वकर्मा को पार्टी पहले विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बना चुकी थी 

विज्ञापन

और अब उन्हें योगी सरकार में मंत्री पद देकर भाजपा नेतृत्व ने उन पर बड़ा भरोसा जताया है।

1969 में वाराणसी के कंचनपुर में जन्मे हंसराज विश्वकर्मा ने परास्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 1989 में भाजपा का दामन थामा था। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। संगठन में लगातार सक्रिय रहने के कारण उन्हें 2006 में जिला कार्यकारिणी में स्थान मिला। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी से चुनाव लड़ने के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



जनवरी 2016 में उन्हें पहली बार वाराणसी भाजपा का जिलाध्यक्ष बनाया गया। तब से लेकर अब तक वह लगातार इस जिम्मेदारी पर बने हुए हैं। हाल ही में भाजपा द्वारा प्रदेशभर में जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी की गई, लेकिन वाराणसी में पार्टी ने फिर से हंसराज विश्वकर्मा पर भरोसा जताया। इससे संगठन में उनकी मजबूत पकड़ और नेतृत्व क्षमता का अंदाजा लगाया जाता है।

हंसराज विश्वकर्मा पूर्वांचल में विश्वकर्मा समाज के बड़े चेहरे माने जाते हैं। 

विज्ञापन

वह शिल्प अनुसंधान एवं विकास संस्थान उत्तर प्रदेश तथा श्री विश्वकर्मा मंडल काशी के संरक्षक भी हैं। सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता लगातार देखने को मिलती रही है। हाल ही में गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक युवती के साथ हुई घटना के बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी और हरसंभव मदद का भरोसा दिया था।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने पिछड़ा वर्ग और संगठन दोनों को साधने के लिए हंसराज विश्वकर्मा को मंत्रिमंडल में जगह दी है। वाराणसी से पहले ही कई बड़े चेहरे सरकार और संगठन में सक्रिय हैं, ऐसे में एक और मंत्री मिलने से यह साफ माना जा रहा है कि योगी सरकार और भाजपा नेतृत्व का फोकस काशी और पूर्वांचल पर लगातार बना हुआ है।

हंसराज विश्वकर्मा के मंत्री बनने पर वाराणसी भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। जगह-जगह मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन के प्रति निष्ठा और वर्षों की मेहनत का यह सम्मान है।