gnews काशी पहुंचे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में हुए शामिल - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

काशी पहुंचे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में हुए शामिल

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को काशी पहुंचे। दोनों नेता श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन विश्वनाथ धाम परिसर स्थित त्रयंबकेश्वर बहुउद्देशीय हाल में आयोजित किया गया।

विज्ञापन 

सुबह करीब 10 बजे राज्यपाल और मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरा। वहां प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों सीधे श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

 

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और अतिथियों द्वारा सामूहिक “ॐ जप” किया गया। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर के शास्त्रियों और छात्र-छात्राओं ने शंखनाद कर कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ाया।

विज्ञापन 

कार्यक्रम के दौरान सोमनाथ ज्योतिर्लिंग से जुड़े विशेष आयोजन का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह के साथ देखा। आयोजन में धर्म, संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण को लेकर भी चर्चा की गई।


सुरक्षा के मद्देनजर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक पुलिस व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा और गणमान्य लोग मौजूद रहे।