वाराणसी-चंदौली में सीरियल किलिंग से दहशत: ट्रेन में दो, अस्पताल में महिला की हत्या; आरोपी पूर्व सैनिक गिरफ्तार
चंदौली और वाराणसी में लगातार हुई तीन सनसनीखेज हत्याओं ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित जीवक अस्पताल में भर्ती 55 वर्षीय महिला लक्ष्मीना देवी की सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला बिहार के भभुआ की रहने वाली थी। हत्या के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गुरप्रीत सिंह नाम का व्यक्ति है, जो मूल रूप से पंजाब के अमृतसर का निवासी बताया जा रहा है और बिहार के आरा में गार्ड की नौकरी करता था।
![]() |
| विज्ञापन |
उसके पास से दो लाइसेंसी पिस्टल और एक पिट्ठू बैग बरामद हुआ है। पहले उसके अंबाला निवासी होने की चर्चा थी, लेकिन पुलिस अब उसकी असली पहचान और नेटवर्क खंगाल रही है। तीन राज्यों—उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब—का कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस के साथ केंद्रीय एजेंसियां भी जांच में जुट गई हैं।
वाराणसी-चंदौली में सीरियल किलिंग से दहशत: ट्रेन में दो, अस्पताल में महिला की हत्या; आरोपी पूर्व सैनिक गिरफ्तार@Uppolice
— The Varanasi News (@thevaranasinews) May 11, 2026
@varanasipolice#TheVaranasiNews #Varanasi #VaranasiNews pic.twitter.com/gQwdjVQakf
पुलिस के अनुसार आरोपी सोमवार सुबह अस्पताल पहुंचा था और उसने इलाज के बहाने “विरेंद्र (45 वर्ष)” नाम से पर्चा बनवाया था। पर्चे पर डॉक्टर द्वारा चार दवाइयां और एक सिरप भी लिखा गया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रवृत्ति का हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक वह पूर्व सैनिक बताया जा रहा है, इसलिए सेना और केंद्रीय एजेंसियां भी उसके बैकग्राउंड की जांच कर रही हैं।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भयावह पहलू यह है कि आरोपी पर दो दिनों में तीन लोगों की हत्या करने का आरोप है। रविवार को उसने गाजीपुर निवासी मंगरु चौधरी की चलती ट्रेन में गोली मारकर हत्या कर दी थी।
![]() |
| विज्ञापन |
इसके बाद सोमवार तड़के 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में व्यासनगर बी-कैबिन के पास एक और यात्री विनेश साव को सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर ट्रेन में गिर पड़ा और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस रात करीब 1:40 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से वाराणसी कैंट के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन व्यासनगर बी-कैबिन के पास पहुंची ही थी कि एस-2 कोच से गोली चलने की तेज आवाज आई। यात्रियों के संभलने से पहले ही एक युवक की मौत हो चुकी थी। हत्या के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
इसके कुछ घंटे बाद ही उसने अलीनगर क्षेत्र के जीवक अस्पताल में भर्ती लक्ष्मीना देवी को गोली मार दी। लगातार तीन हत्याओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने अस्पताल के पास आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
फिलहाल जीआरपी डीडीयू, अलीनगर थाना पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस आरोपी के बयान, उसके मोबाइल, लाइसेंसी हथियारों और पारिवारिक पृष्ठभूमि की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के मानसिक स्वास्थ्य, सेना से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य राज्यों में उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।


