वाराणसी में देर रात नाव पर फोटो खिंचवाने के दौरान गंगा में डूबा ग्रेटर नोएडा का युवक, मौत
वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र स्थित मान मंदिर घाट पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ काशी घूमने आए ग्रेटर नोएडा के 27 वर्षीय युवक की नाव पर फोटो खिंचवाने के दौरान गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद साथियों में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों को घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गौतम बुद्ध नगर जनपद के ग्रेटर नोएडा स्थित सुपरटेक इको विलेज-2 निवासी हर्षवर्धन ठाकुर पुत्र संदीप सिंह अपने चार-पांच दोस्तों के साथ बुधवार को काशी घूमने आए थे।
![]() |
| विज्ञापन |
देर रात करीब एक बजे सभी दोस्त दशाश्वमेध क्षेत्र के मान मंदिर घाट पहुंचे। घाट पर पहुंचने के बाद सभी युवक नाव पर बैठकर फोटो खिंचवा रहे थे।
इसी दौरान अचानक हर्षवर्धन ठाकुर का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा नदी में गिर पड़ा। साथियों ने शोर मचाया और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने भी युवक की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा और नदी में तेज धारा होने के कारण उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
सूचना मिलते ही दशाश्वमेध पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और रात में ही युवक की तलाश शुरू कर दी गई। गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हुई।
![]() |
| विज्ञापन |
कई घंटों की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ, जल पुलिस और दशाश्वमेध पुलिस की संयुक्त टीम ने युवक का शव गंगा नदी से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन वाराणसी के लिए रवाना हो गए। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
हर्षवर्धन के साथ वाराणसी आए अन्य साथियों में जौनपुर जनपद के सिकरारा थाना क्षेत्र के सेवरा निवासी कुशाग्र सिंह, गौतम बुद्ध नगर के सुपरटेक इको विलेज-2 निवासी दुर्गेश रुद्र प्रताप सिंह, नोएडा के परथला खेजपुर निवासी विपुल कुमार, नई दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी जीत सिंह तथा नोएडा सेक्टर-122 अंतर्गत परथला खंजरपुर निवासी ललित कुमार शामिल थे।


