वाराणसी में लग्जरी होटलों पर VDA का बड़ा एक्शन, बुद्ध विहार में 13 होटल सील
वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने शहर के बुद्ध विहार आवासीय कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 13 होटलों को सील कर दिया। आरोप है कि इन होटल संचालकों ने आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत मानचित्र का उल्लंघन कर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दी थीं, जबकि कुछ भवन बिना मानचित्र स्वीकृति के ही होटल के रूप में संचालित किए जा रहे थे।
वीडीए के अनुसार, इन होटलों में समुचित पार्किंग व्यवस्था नहीं थी, जिससे क्षेत्र में लगातार जाम, अवैध पार्किंग और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने से सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी सामने आ रही थीं।
![]() |
| विज्ञापन |
जांच में यह भी पाया गया कि कुछ होटल संचालकों ने सराय एक्ट की धारा 4/5 के तहत फर्जी और कूट रचित दस्तावेज प्रस्तुत कर लाइसेंस हासिल किया था।
प्राधिकरण ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर होटल किरन पैलेस, होटल A-ZURE, होटल Four Leaf, होटल Xedic Roots, स्टे इन काशवी, ट्रस द्वारा भूतल पर निर्मित नया होटल, होटल रियो बनारस, होटल Zion Inn, होटल पार्क प्लाजा, होटल सिल्क सिटी, होटल हॉलिडे इन, होटल स्कायर इन और Comfort in Banaras को सील कर दिया।
वीडीए ने सभी भवन स्वामियों को निर्देश दिया है कि वे उत्तर प्रदेश भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2025 के तहत निर्धारित मानकों के अनुरूप होटल उपयोग के लिए मानचित्र स्वीकृत कराएं।
![]() |
| विज्ञापन |
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि पर्याप्त पार्किंग, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, सड़क की न्यूनतम चौड़ाई, सेटबैक और अन्य अधोसंरचनात्मक मानकों की पूर्ति के बाद ही आवासीय क्षेत्रों में होटल संचालन की अनुमति दी जा सकती है।
वाराणसी विकास प्राधिकरण ने यह भी बताया कि वर्तमान में मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाया गया है तथा पात्र मामलों में सात दिनों के भीतर मानचित्र स्वीकृत किए जा रहे हैं।
प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण या व्यावसायिक उपयोग नियमानुसार स्वीकृति प्राप्त करने के बाद ही करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।


