वाराणसी में ट्रेन के अंदर हत्या से सनसनी, बाथरूम से लौटते ही यात्री को मारी गोली, दो दिन में ट्रेन में दूसरी वारदात
वाराणसी में चलती ट्रेन में एक बार फिर सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस के एस-2 कोच में सफर कर रहे एक यात्री की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात रविवार देर रात करीब 2 बजे मुगलसराय रेलवे स्टेशन से पहले ब्लॉक हट-बी के पास हुई। गोली लगते ही यात्री की मौके पर ही मौत हो गई।
![]() |
| विज्ञापन |
घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमलावर ट्रेन की रफ्तार धीमी होने का फायदा उठाकर कूदकर फरार हो गए।
मृतक की पहचान बिहार के गया जिले के पिपरिया गांव निवासी 42 वर्षीय दिनेश शाह के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ सीतापुर स्थित नैमिषारण्य धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। दिनेश शाह अपनी पत्नी के साथ एस-2 कोच में सफर कर रहे थे, जबकि उनकी बहन, दो बच्चे और सास जनरल बोगी में यात्रा कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, रात करीब 2 बजे दिनेश शाह बाथरूम गए थे। जैसे ही वह बाहर निकले, बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे यात्रियों ने देखा कि दिनेश शाह खून से लथपथ पड़े हुए हैं। उनकी पत्नी भी दौड़कर मौके पर पहुंची और पति को मृत अवस्था में देखकर बेसुध हो गई।
घटना के वक्त ट्रेन ब्लॉक हट-बी के कारण धीमी गति से चल रही थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ट्रेन से उतरकर फरार हो गए। यात्रियों ने तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दी।
![]() |
| विज्ञापन |
रात 2:42 बजे ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची, जहां जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेलवे पुलिस के अनुसार, मृतक के पास करीब 15 हजार रुपये नकद मिले हैं और उनकी पत्नी के जेवर भी सुरक्षित पाए गए हैं। ऐसे में शुरुआती जांच में लूट की आशंका कम मानी जा रही है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। एक टीम ट्रेन के साथ आगे रवाना की गई है, ताकि यात्रियों से पूछताछ की जा सके, जबकि दूसरी टीम मृतक के गांव भेजी गई है।
इधर, ट्रेन में दो दिन के भीतर हत्या की यह दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार सुबह ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर निवासी मंगरू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मारी थी और बैग लेकर फरार हो गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


