gnews औरंगाबाद में तेज रफ्तार थार का कहर, बाइक समेत कई राहगीरों को मारी टक्कर, 5 घायल - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

औरंगाबाद में तेज रफ्तार थार का कहर, बाइक समेत कई राहगीरों को मारी टक्कर, 5 घायल

सिगरा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद रोड पर शुक्रवार को तेज रफ्तार थार वाहन की लापरवाही से बड़ा सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित थार ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और उसके बाद कई राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चार से पांच लोग घायल हो गए, जबकि सड़क किनारे स्थित एक दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार में 18 से 20 वर्ष आयु के कई युवक सवार थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन में मौजूद कुछ युवकों के नाबालिग होने की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि थार औरंगाबाद रोड पर तेज गति से दौड़ रही थी। इसी दौरान उसने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।


लोगों ने रोकने की कोशिश की, चालक ने और बढ़ा दी रफ्तार


बाइक को टक्कर लगने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार कम करने के बजाय और तेज कर दी। इसके बाद बेकाबू थार ने सड़क पर मौजूद तीन से चार अन्य लोगों को भी टक्कर मार दी। वाहन की गति इतनी अधिक थी कि वह सड़क किनारे स्थित एक दुकान के शटर और दरवाजे से भी टकरा गई, जिससे दुकान को भारी क्षति पहुंची।

विज्ञापन
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।


कुछ दूरी पर पलटी थार


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और थार पलट गई। दुर्घटना के बाद वाहन के शीशे और अन्य हिस्से सड़क पर बिखर गए।


चालक समेत साथी हिरासत में


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चालक समेत वाहन में सवार अन्य युवकों को हिरासत में लेकर सिगरा थाने भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और उसकी उम्र क्या थी।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।