स्व. कन्हैया सिंह की पुण्यतिथि पर 58 यूनिट रक्तदान, राजीव गोंड को मिला 'कन्हैया सिंह कर्मयोगी पुरस्कार'
स्वर्गीय कन्हैया सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर कन्हैया सिंह मेमोरियल फाउंडेशन एवं वाराणसी युवा व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को लहुराबीर स्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सभागार में वृहद रक्तदान शिविर एवं "कन्हैया सिंह कर्मयोगी पुरस्कार" समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देते हुए कुल 58 यूनिट स्वैच्छिक रक्तदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाराणसी शहर दक्षिणी विधानसभा के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी रहे। उन्होंने स्व. कन्हैया सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सुबह 9 बजे से शुरू हुआ रक्तदान शिविर दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें युवाओं, समाजसेवियों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आईएमए के चिकित्सकों की निगरानी में सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया गया।
![]() |
| विज्ञापन |
अपने संबोधन में डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि स्व. कन्हैया सिंह का जीवन समाज सेवा और कर्मयोग की भावना को समर्पित रहा। उनकी स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर और कर्मयोगी पुरस्कार समारोह समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।
शहर के वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. वी.पी. सिंह ने फाउंडेशन के सचिव एवं स्व. कन्हैया सिंह के पुत्र डॉ. पंकज कुमार सिंह (पीटी) तथा उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि पुण्यतिथि पर रक्तदान जैसे पुनीत कार्य का आयोजन और समाज के सच्चे सेवकों को सम्मानित करना स्व. कन्हैया सिंह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम का संचालन स्वतंत्र बहादुर सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में वाराणसी युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता एवं शशी शंकर पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
![]() |
| विज्ञापन |
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, चिकित्सकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कन्हैया सिंह मेमोरियल फाउंडेशन भविष्य में भी जनहित और सामाजिक उत्थान के लिए ऐसे सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा।


