gnews ‘कुल के कुल बेईमान हैं...’ 50 करोड़ के जमीन कांड में पीड़ित परिवार से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

‘कुल के कुल बेईमान हैं...’ 50 करोड़ के जमीन कांड में पीड़ित परिवार से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल

50 करोड़ रुपये की जमीन से जुड़े चर्चित मामले में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कांग्रेस नेता सतीश चौबे ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

विज्ञापन
सतीश चौबे ने कहा कि यदि शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप सही हैं, तो यह केवल एक व्यक्ति की संपत्ति का मामला नहीं बल्कि कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग करती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि प्रभावशाली लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए पीड़ितों को न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़े, तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे किसी भी दल या पद पर हों, उनके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।


कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस इस मुद्दे को जनहित में व्यापक स्तर पर उठाएगी।

विज्ञापन
गौरतलब है कि इस मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर भाजपा नेता सुरेश सिंह, नितेश राय 'सोनू' समेत 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके गंभीर रूप से बीमार पति की बीमारी का फायदा उठाकर करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति का हस्तांतरण कराया गया।


वहीं, भाजपा नेता सुरेश सिंह इन आरोपों को पहले ही सिरे से खारिज कर चुके हैं। उनका कहना है कि उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है और संपत्ति का हस्तांतरण विधिक प्रक्रिया के तहत हुआ है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।