करोड़ों की निवेश योजना पर वाराणसी पुलिस का शिकंजा: ACP विदुष ने रुकवाया कार्यक्रम, कंपनी के लोग मौके से गायब
करोड़ों रुपये की कथित निवेश धोखाधड़ी के मामले में वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को नागरी नाटक मंडली में आयोजित होने जा रहे मेडलियन ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यक्रम को बीच में ही रुकवा दिया। कंपनी के खिलाफ पहले से मिली आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायत पर ACP साइबर क्राइम विदुष सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और कार्यक्रम की जांच शुरू कराई। पुलिस के पहुंचते ही कंपनी से जुड़े कई पदाधिकारी मौके से गायब हो गए, जबकि मौजूद लोगों से पूछताछ की गई।
करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप
पुलिस आयुक्त वाराणसी को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मेडलियन ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड ने नेटवर्क मार्केटिंग के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया। कंपनी ने निवेशकों को 10 से 20 महीने में राशि दोगुनी करने, सोना देने, कैशबैक और विदेश यात्रा जैसे आकर्षक ऑफर का लालच देकर करोड़ों रुपये का निवेश कराया।
![]() |
| विज्ञापन |
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शुरुआती दौर में कुछ लोगों को भुगतान कर विश्वास बनाया गया, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया।
न पैसा मिला, न सोना और न ही वादे पूरे हुए
पीड़ितों का कहना है कि कंपनी ने निवेश के बदले सोना और अन्य लाभ देने का वादा किया था, लेकिन समय पूरा होने के बाद भी न तो निवेश की रकम वापस की गई और न ही सोना या अन्य सुविधाएं दी गईं। इससे बड़ी संख्या में निवेशकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
करोड़ों की निवेश योजना पर वाराणसी पुलिस का शिकंजा: ACP विदुष ने रुकवाया कार्यक्रम, कंपनी के लोग मौके से गायब#TheVaranasiNews #Varanasi #VaranasiNews@Uppolice @varanasipolice pic.twitter.com/KBP2WHxcsY
— The Varanasi News (@thevaranasinews) July 5, 2026
शिकायतकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायतकर्ता भगवान सिंह राठौर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में कंपनी की योजनाओं में निवेश किया और अपने माध्यम से कई अन्य लोगों को भी जोड़ा। उनके अनुसार उनकी टीम का लगभग 90 लाख रुपये और 300 ग्राम सोना कंपनी के पास बकाया है।
![]() |
| विज्ञापन |
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने कई मामलों में जीएसटी बिल जारी नहीं किए तथा टीडीएस की कटौती के बावजूद उसे जमा नहीं कराया।
शिकायत मिलने के बाद वाराणसी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। ACP साइबर क्राइम विदुष सक्सेना पुलिस टीम के साथ नागरी नाटक मंडली पहुंचीं और कार्यक्रम को रुकवा दिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद निवेशकों और कंपनी से जुड़े लोगों से पूछताछ की। पुलिस का मानना है कि समय रहते कार्रवाई होने से कई अन्य लोग संभावित आर्थिक नुकसान से बच गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। कंपनी के दस्तावेज, निवेश योजनाएं, बैंकिंग और वित्तीय लेन-देन सहित शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वाराणसी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी वैधता, पंजीकरण और विश्वसनीयता की पूरी जांच अवश्य करें। यदि कोई संस्था असामान्य मुनाफा, पैसा दोगुना करने या आकर्षक रिटर्न का दावा करती है तो सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।


