gnews दालमंडी की सबसे बड़ी लंगड़ा हाफिज मस्जिद में आज शुरू हुआ ध्वस्तीकरण, सड़क चौड़ीकरण के लिए कमेटी ने खुद हटाया निर्माण - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

दालमंडी की सबसे बड़ी लंगड़ा हाफिज मस्जिद में आज शुरू हुआ ध्वस्तीकरण, सड़क चौड़ीकरण के लिए कमेटी ने खुद हटाया निर्माण

दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत सोमवार को लंगड़ा हाफिज मस्जिद परिसर में चिन्हित निर्माण को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच सहमति बनने के बाद मस्जिद कमेटी ने स्वयं सड़क चौड़ीकरण की जद में आए हिस्से को हटाने का निर्णय लिया और मजदूरों के माध्यम से ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू कराया।

विज्ञापन
इससे पहले मस्जिद कमेटी ने प्रभावित 24 दुकानों को खाली कराकर मस्जिद परिसर के पूर्व दिशा में उपलब्ध स्थान पर नई दुकानों के निर्माण का कार्य भी शुरू करा दिया है। दुकानदारों के अनुसार, नई दुकानें तैयार होने के बाद प्रभावित व्यापारियों को वहीं स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि उनकी आजीविका पर कम से कम असर पड़े।

गौरतलब है कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना के दौरान प्रशासनिक टीम ने लंगड़ा हाफिज मस्जिद के उत्तरी हिस्से पर लाल निशान लगाकर प्रभावित क्षेत्र चिन्हित किया था। इसके बाद प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच कई दौर की वार्ता हुई, जिसके बाद आपसी सहमति से निर्माण हटाने का फैसला लिया गया।

विज्ञापन
यह पहली मस्जिद नहीं है, जिसने परियोजना में सहयोग करते हुए स्वयं निर्माण हटाया है। इससे पहले करीमुल्ला बेग मस्जिद, निसारन मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद, संगमरमर मस्जिद और रंगीले शाह मस्जिद की कमेटियां भी अपने मजदूरों के माध्यम से सड़क चौड़ीकरण की जद में आए हिस्सों को हटाकर बाद में नवीनीकरण का कार्य करा चुकी हैं।


प्रशासन का कहना है कि दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रभावित धार्मिक स्थलों और व्यापारियों के साथ आपसी सहमति बनाकर कार्य कराया जा रहा है, ताकि विकास कार्य समय पर पूरा हो सके और किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।