gnews मिर्जामुराद के बिहड़ा गांव में नहर किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, बहन ने लगाया हत्या का आरोप - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

मिर्जामुराद के बिहड़ा गांव में नहर किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, बहन ने लगाया हत्या का आरोप

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव में रविवार सुबह नहर किनारे 41 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गोपाल कुशवाहा, चौकी प्रभारी संदीप सिंह तथा फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

विज्ञापन
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर, पीठ और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले। पुलिस के अनुसार युवक के मुंह पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था, जिससे उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई प्रतीत होती है। शव के पास खून के निशान भी मिले हैं। काफी देर तक पहचान नहीं होने पर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी, तभी मौके पर पहुंची बिहड़ा गांव की दलित बस्ती निवासी विमला देवी ने शव की पहचान अपने भाई जग्गू राम (41) के रूप में की।


बहन ने लगाया हत्या का आरोप


मृतक की बहन विमला देवी ने अपने भाई की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि करीब पांच माह पहले जग्गू राम ने बिहड़ा गांव निवासी मगरू की दिव्यांग पुत्री गीता से शादी की थी। विमला का आरोप है कि इस शादी का लड़की के परिजन विरोध कर रहे थे। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद भी हुआ था, जिसके बाद लड़की के परिजनों ने गीता को जग्गू के साथ भेजने से इनकार कर दिया था।

विज्ञापन
विमला देवी का कहना है कि इसी विवाद के बीच उनके भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


रोहनिया के होटल में करता था काम


परिजनों के अनुसार जग्गू राम रोहनिया स्थित एक होटल में काम करके अपना जीवनयापन करता था। उसकी पहली शादी लगभग छह वर्ष पहले हुई थी, लेकिन बाद में पत्नी से संबंध समाप्त हो गए थे। इसके बाद उसका गीता से प्रेम संबंध हुआ और दोनों ने विवाह कर लिया था।


पुलिस जांच में जुटी


शुरुआत में पुलिस युवक की मौत को दुर्घटना या अन्य कारणों से जोड़कर देख रही थी, लेकिन बहन द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे एसीपी राजातालाब वीर सिंह ने पुलिस टीम को सभी पहलुओं की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।