सिंधोरा के मझवा गांव में युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी पट्टीदारी रंजिश बनी वजह
सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझवा गांव में गुरुवार रात पुरानी पट्टीदारी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। गांव के 22 वर्षीय युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
![]() |
| विज्ञापन |
परिजनों के अनुसार गुरुवार रात करीब 9:15 बजे सौरभ अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान आरोपितों ने उसे अपने पास बुलाया। जैसे ही वह उनके पास पहुंचा, आरोपितों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सौरभ लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे सिंधोरा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिंधोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
![]() |
| विज्ञापन |


