तेलियाबाग में सर्राफा कारोबारी से 5 लाख की लूट का खुलासा: पुलिस एनकाउंटर में एक बदमाश घायल, दूसरा दबोचा
वाराणसी में तेलियाबाग क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी से हुई 5 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए रविवार देर रात करीब 2:30 बजे रामनगर थाना क्षेत्र के बंदरगाह इलाके में दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने करीब 50 मीटर तक दौड़ाकर दबोच लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 1.25 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
![]() |
| विज्ञापन |
27 जून को सर्राफा कारोबारी से हुई थी लूट
जानकारी के मुताबिक चौक थाना क्षेत्र के सोराकुआं निवासी सर्राफा कारोबारी अमित कुमार 27 जून की रात अपने मित्रों नदेसर निवासी विजय जायसवाल और अरुण सेठ से 5 लाख रुपये लेकर अपने दोस्त विकास वर्मा के साथ चौक जा रहे थे। इन पैसों से उन्हें जमीन की रजिस्ट्री करनी थी।
तेलियाबाग में सर्राफा कारोबारी से 5 लाख की लूट का खुलासा: पुलिस एनकाउंटर में एक बदमाश घायल, दूसरा दबोचा#TheVaranasiNews #Varanasi #VaranasiNews@Uppolice @varanasipo pic.twitter.com/sb3GDJghZ3
— The Varanasi News (@thevaranasinews) July 6, 2026
रात करीब 12 बजे जैसे ही वह तेलियाबाग स्थित एक रेस्टोरेंट के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। असलहे के बल पर स्कूटी में रखा रुपयों से भरा बैग छीन लिया और गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। छीना-झपटी के दौरान बदमाशों की एक बुलेट मोटरसाइकिल मौके पर गिर गई थी, जिसे छोड़कर आरोपी भाग निकले थे।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद से ही उनकी तलाश की जा रही थी।
![]() |
| विज्ञापन |
बंदरगाह के पास हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार रामनगर बंदरगाह के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं दूसरा आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने करीब 50 मीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया।
1.25 लाख रुपये बरामद, पूछताछ जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 25 हजार रुपये बरामद किए हैं। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और लूट में शामिल अन्य फरार बदमाशों की तलाश जारी है।


