gnews वाराणसी में सर्राफा व्यापारी से 5 लाख की लूट का खुलासा: मुख्य सरगना समेत 8 आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में सर्राफा व्यापारी से 5 लाख की लूट का खुलासा: मुख्य सरगना समेत 8 आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद

शहर के तेलियाबाग क्षेत्र में 27 जून की रात सर्राफा व्यापारी अमित से हुई 5 लाख रुपये की लूट की वारदात का वाराणसी पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य सरगना सहित कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूट की पूरी 5 लाख रुपये की रकम भी बरामद करने का दावा किया है।

विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात सर्राफा व्यापारी अमित नकदी लेकर तेलियाबाग होते हुए मैदागिन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। शहर के बीचोंबीच हुई इस दुस्साहसिक वारदात से व्यापारियों में दहशत फैल गई थी।

 

घटना के बाद इस लूटकांड को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आईं। सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया गया कि लूटी गई रकम 5 लाख नहीं बल्कि करीब 75 लाख रुपये थी और व्यापारी कथित रूप से जुए में रकम जीतकर लौट रहा था। यह भी कहा गया कि वारदात को अंजाम देने वालों में व्यापारी का एक परिचित भी शामिल था। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।

विज्ञापन
वहीं, पुलिस को दी गई तहरीर में सर्राफा व्यापारी अमित ने बताया कि वह अपने एक मित्र से जमीन की रजिस्ट्री के लिए 5 लाख रुपये लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेलियाबाग क्षेत्र में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोककर तमंचे के बल पर नकदी से भरा बैग लूट लिया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य सरगना सहित कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर में दर्ज 5 लाख रुपये की पूरी लूटी गई रकम बरामद कर ली गई है।


हालांकि, घटना को लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर अलग-अलग तरह की चर्चाएं अब भी जारी हैं। पुलिस का कहना है कि उसकी कार्रवाई शिकायत, साक्ष्यों और जांच के आधार पर की गई है तथा आगे भी मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी रहेगी।