वाराणसी में लंबित विवेचनाओं पर पुलिस आयुक्त सख्त, 30 दिन में निस्तारण के दिए निर्देश
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को कैंप कार्यालय में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी विवेचना 30 दिनों से अधिक लंबित नहीं रहनी चाहिए। सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त ने जघन्य अपराधों, गैंगस्टर एक्ट, गोवध अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम, ई-समन, ई-नोटिस, ई-वारंट और ई-साक्ष्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक मामले में तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस आयुक्त ने गैर-जमानती वारंटों के निष्पादन के लिए तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में डिजिटल साक्ष्यों के समयबद्ध अपलोड, आधुनिक तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा विवेचनाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि तकनीक का बेहतर उपयोग कर मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, निष्पक्ष विवेचना हो और दोषियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
![]() |
| विज्ञापन |
आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस आयुक्त ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बेहतर यातायात प्रबंधन तथा निरंतर निगरानी रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सकें।
समीक्षा बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा सहित सभी राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी थाना प्रभारी गूगल मीट के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।



