gnews धन्वंतरि हॉस्पिटल के पास भीषण हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की जान गई, CCTV खंगाल रही पुलिस - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

धन्वंतरि हॉस्पिटल के पास भीषण हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की जान गई, CCTV खंगाल रही पुलिस

बड़ागांव थाना क्षेत्र के सातोमहुआ स्थित धन्वंतरि हॉस्पिटल के समीप शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान फूलपुर थाना क्षेत्र के कुआर बाजार निवासी विवेक जायसवाल (35) पुत्र रतन लाल जायसवाल के रूप में हुई है। बताया गया कि शुक्रवार देर रात वह अपनी बाइक से बाबतपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सातोमहुआ स्थित धन्वंतरि हॉस्पिटल के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विवेक सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

 

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही हरहुआ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक के.के. वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बड़ागांव थाना पुलिस ने गंभीर रूप से घायल विवेक को तत्काल हरहुआ पीएसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

विज्ञापन
मौके से पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद कर ली है। बाइक के पीछे हेलमेट लटका हुआ मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


बड़ागांव थाना पुलिस दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।