gnews वाराणसी में सपा का शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस रही बेअसर; अखिलेश की गिरफ्तारी के विरोध में बीएचयू से विद्यापीठ तक गरजे सपाई - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में सपा का शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस रही बेअसर; अखिलेश की गिरफ्तारी के विरोध में बीएचयू से विद्यापीठ तक गरजे सपाई

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बीएचयू सिंहद्वार (मुख्य गेट) के सामने एकत्र हुए और सड़क पर बैठकर धरना दिया। इस दौरान सरकार विरोधी नारेबाजी हुई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

विज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हटाने का प्रयास किया, जिस पर सपा नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को उठाकर पुलिस वाहनों में बैठाया और हिरासत में ले लिया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जिलेभर से पहुंचे थे सपा कार्यकर्ता


सपा कार्यकर्ता जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बीएचयू गेट पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर धरना देने से कुछ समय तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।


 

देर रात विद्यापीठ पर भी विरोध, कई नेता हिरासत में


बीएचयू के बाद देर रात महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ क्षेत्र में भी समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। यहां भी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर प्रदर्शन समाप्त कराया। पूरे दिन शहर के कई हिस्सों में सपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता देखने को मिली।


वाराणसी में विपक्ष की भूमिका में दिखी सपा, कांग्रेस की गैरमौजूदगी बनी चर्चा


मंगलवार के घटनाक्रम में वाराणसी की सियासत में एक दिलचस्प तस्वीर भी देखने को मिली। जहां एक ओर समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करती नजर आई, वहीं कांग्रेस की ओर से शहर में कोई बड़ा या प्रभावी प्रदर्शन देखने को नहीं मिला। जबकि इसी मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भी गिरफ्तार किए जाने की खबरें सामने आईं।

विज्ञापन
राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा रही कि देश की राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर बन चुके वाराणसी में कांग्रेस का संगठन इस मुद्दे पर सड़क पर अपनी मौजूदगी दर्ज नहीं करा सका। इसके उलट समाजवादी पार्टी ने बीएचयू सिंहद्वार और काशी विद्यापीठ जैसे प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शन कर खुद को विपक्ष की सक्रिय आवाज के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की। हालांकि, कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति और उसके प्रदर्शन को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों के अपने-अपने दावे और आकलन हैं।