वाराणसी में दर्दनाक हादसा: बेटी को स्कूल छोड़कर लौट रही महिला को बस ने कुचला, मौके पर ही तोड़ा दम
शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धीपुर बाईपास स्थित रोटी ढाबा के समीप मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका अपनी सात वर्षीय बेटी को स्कूल छोड़कर पैदल घर लौट रही थी। सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार सवारी बस ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
![]() |
| विज्ञापन |
बताया गया कि मंगलवार सुबह रोज की तरह आकांक्षा अपनी सात वर्षीय बेटी को गिलट बाजार स्थित अतुलानंद स्कूल छोड़ने के लिए पैदल घर से निकली थीं। बेटी को सुरक्षित स्कूल छोड़ने के बाद जब वह वापस घर लौट रही थीं, तभी सुद्धीपुर बाईपास स्थित रोटी ढाबा के पास सड़क पार करते समय गिलट बाजार की ओर से बाबतपुर जा रही यूपी 65 एटी 4626 नंबर की सवारी बस की चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को भी कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस के अनुसार, बस चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।


