gnews बिल्डर अनुराग कुशवाहा से 16.62 करोड़ की कथित ठगी, वांछित आरोपी कोलकाता के होटल से गिरफ्तार - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

बिल्डर अनुराग कुशवाहा से 16.62 करोड़ की कथित ठगी, वांछित आरोपी कोलकाता के होटल से गिरफ्तार

भेलूपुर निवासी प्रॉपर्टी एवं कंस्ट्रक्शन कारोबारी अनुराग कुशवाहा और उनके बिजनेस पार्टनरों से 16 करोड़ 62 लाख 49 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में भेलूपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी डॉ. अमित कुमार सिंह यादव (54) को कोलकाता के एक होटल से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने गोवा की जमीन से जुड़े फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों को असली बताकर जमीन का सौदा कराया और इसके एवज में करोड़ों रुपये हासिल किए।

विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, रकम वापस मांगने पर शिकायतकर्ताओं के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं। मामले में विटोरियो जोस वेल्हो, अमित कुमार सिन्हा, प्रजय प्रसन्ना सिनेधकर, डॉ. अमित कुमार सिंह यादव और सीए प्रमोद पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस इससे पहले अमित कुमार सिन्हा और प्रजय प्रसन्ना को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


शिकायतकर्ता अनुराग कुशवाहा के अनुसार, वह अपने पार्टनर के साथ कंस्ट्रक्शन और जमीन का कारोबार करते हैं। इसी दौरान देहरादून निवासी अमित कुमार सिन्हा ने उनसे संपर्क किया और गोवा निवासी जमीन मालिक विटोरियो जोस वेल्हो की जमीन बेचने का प्रस्ताव रखा।


कुछ समय बाद जमीन मालिक का सहयोगी वाराणसी स्थित कार्यालय पहुंचा और जमीन से संबंधित विभिन्न दस्तावेज दिखाए। दस्तावेजों को सही मानते हुए शिकायतकर्ताओं ने कोटक महिंद्रा बैंक की गोवा शाखा के खाते में आरटीजीएस और एनईएफटी के जरिए कुल 16 करोड़ 62 लाख 49 हजार रुपये भेज दिए।

एमओयू और टाइटल सर्टिफिकेट के बाद खुला फर्जीवाड़ा


शिकायत के मुताबिक, 9 जुलाई 2024 को जमीन को लेकर एमओयू किया गया। इसके बाद सार्वजनिक नोटिस प्रकाशित कराया गया और टाइटल सर्टिफिकेट भी जारी हुआ, जिसमें विटोरियो जोस वेल्हो को जमीन का वैध मालिक बताया गया था।

विज्ञापन
जमीन की सफाई कराने के लिए जब कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो एक बुजुर्ग महिला वहां पहुंची और जमीन पर अपना अधिकार होने का दावा किया। इसके बाद दस्तावेजों की जांच शुरू हुई। आरोप है कि जांच में जमीन से संबंधित गिफ्ट डीड फर्जी और कूटरचित होने की बात सामने आई। इसके बाद शिकायतकर्ताओं ने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगनी शुरू कर दी।

रकम मांगने पर धमकी देने का आरोप


पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों की ओर से गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद भेलूपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।


सर्विलांस से कोलकाता पहुंची पुलिस टीम


वांछित आरोपी डॉ. अमित कुमार सिंह यादव की गिरफ्तारी के लिए भेलूपुर पुलिस ने सर्विलांस और साइबर सेल की मदद ली। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी के कोलकाता में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित होटल पहुंचकर आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि की और उसे गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस अब मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों, करोड़ों रुपये के लेनदेन, संबंधित बैंक खातों और अन्य आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है। दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।

पुलिस के अनुसार, मामले में गोवा के कुछ प्रभावशाली लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।