gnews फोर्ड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

फोर्ड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के समीप स्थित फोर्ड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत का मामला सामने आया है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने तथा उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।

विज्ञापन
राजातालाब तहसील में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार शर्मा के मुताबिक, उनकी चाची को पथरी (स्टोन) के इलाज के लिए बुधवार को फोर्ड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि महिला पहले से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं।

 

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, इसके बावजूद उनका इलाज जारी रखा गया। अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार, गुरुवार शाम जब मरीज की हालत को लेकर परिजन चिंतित हुए और उन्हें किसी दूसरे अस्पताल में ले जाने के लिए डिस्चार्ज की मांग की, तो अस्पताल की ओर से कथित तौर पर यह कहते हुए मना कर दिया गया कि मरीज ठीक हो जाएंगी।

विज्ञापन
परिजनों का कहना है कि इसके बाद गुरुवार सुबह अस्पताल प्रशासन ने अचानक उन्हें मरीज की मौत की सूचना दी और शव ले जाने के लिए कहा।

घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल परिसर में परिजन, स्थानीय लोग और पुलिस मौजूद रहे। मृतका के परिजनों ने इलाज में कथित लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन
अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने अपने साथी अधिवक्ताओं और अधिवक्ता संघ से मामले में हस्तक्षेप कर परिवार को न्याय दिलाने में सहयोग की अपील की है।


अस्पताल प्रबंधन या संबंधित डॉक्टरों का पक्ष इस मामले में सामने नहीं आया है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। मृतका की मौत के वास्तविक कारण और इलाज में किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।